घाघरा:रुकी गांव में सांप के काटने से व्यक्ति की मौत
धान की फसल देखने खेत जा रहा था राजेश उरांव, रास्ते में सांप ने काटा

रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा/गुमला। घाघरा थाना क्षेत्र के रुकी गांव में सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राजेश उरांव धान की खेती देखने के लिए घर से खेत की ओर जा रहा था। वह खेत तक पहुंच भी नहीं पाया था कि रास्ते में एक सांप ने उसके पैर में काट लिया। सांप के काटने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसकी स्थिति गंभीर हो गई।

परिजनों ने आनन-फानन में राजेश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व उप प्रमुख कृष्णा कुमार लोहरा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
घटना की सूचना पुलिस को मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
![]()





