शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, तीन टीमें सेमीफाइनल में
जय मसीह गिरजाटोली लोयो, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो ने क्वार्टर फाइनल में दर्ज की जीत

रांची संवाददाता। शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले खेले गये। जीत दर्ज कर जय मसीह गिरजाटोली लोयो, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले क्वार्टर फाइनल में जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर को 2-0 गोल से हराया। दूसरे मुकाबले में एनएफसी पोखर टोली और एसके ब्रदर्स के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। निर्धारित समय में परिणाम नहीं निकलने पर टाईब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें एसके ब्रदर्स ने 5-4 से जीत दर्ज की। तीसरे क्वार्टर फाइनल में सुपर किंग लोयो ने नव युवक संघ कंजिया को 1-0 से पराजित कर अंतिम चार में जगह बनाई।

लॉटरी से तय होगा फाइनल का समीकरण
टूर्नामेंट में कुल 24 टीमों के शामिल होने के कारण सेमीफाइनल में विशेष व्यवस्था की गयी है। पांच सितंबर को लॉटरी के माध्यम से तीन सेमीफाइनलिस्ट टीमों में से एक को सीधे फाइनल में प्रवेश मिलेगा। वहीं, शेष दो टीमों के बीच मुकाबला होगा और विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के मुखिया, गणमान्य लोग और समाजसेवी भी मौजूद रहेंगे।
![]()





