पाकुड़ पुलिस को मिले 18 नई बाइक और 14 बोलेरो, अपराध नियंत्रण व गश्त होगी मजबूत
सांसद, विधायकों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना, बाद में निकाला गया फ्लैग मार्च


पाकुड़ संवाददाता। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस गश्त को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस को 18 नई मोटरसाइकिल और 14 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। गुरुवार को राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, पाकुड़ विधायक निसात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार और पुलिस मुख्यालय, रांची की ओर से जिले को कुल 14 बोलेरो और 18 नई मोटरसाइकिलें मिली हैं। इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार तैनात किया गया है। इससे पुलिस की गश्त और कार्रवाई को गति मिलेगी।
तंग गलियों में भी पहुंचेगी पुलिस
एसपी ने कहा कि नए वाहनों से विशेष रूप से रात की गश्त को मजबूत करने में मदद मिलेगी। मोटरसाइकिलों के माध्यम से पुलिसकर्मी थाना क्षेत्रों की तंग गलियों और संकरी जगहों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां बड़े वाहनों से पेट्रोलिंग करना मुश्किल होता है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में सहायता मिलेगी।

बोलेरो और मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य गश्त व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाकर किसी भी घटना पर जल्द प्रतिक्रिया देना है।
वाहनों के बाद निकाला गया फ्लैग मार्च
नए पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना करने के बाद जिले में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। इसके माध्यम से पुलिस ने अपनी सक्रिय मौजूदगी का संदेश दिया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना था।
सांसद बोले- अपराध नियंत्रण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कहा कि राज्य सरकार जिले में आपराधिक घटनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस को नए वाहन मिलने से गश्त और आपातकालीन कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहनों की तैनाती से विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।
![]()





