फर्जीवाड़ा कर जमीन बेचने का आरोप, सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
सीलमपुर में बिना बंटवारे की जमीन की बिक्री,निर्माण शुरू होते ही सामने आया मामला

संवाददाता: पाकुड़
पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीलमपुर गांव में जमीन फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। गांव निवासी सह वादी नंदकुमार भगत ने महेशपुर थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक जमीन, जिसका खाता संख्या 232 एवं खेसरा संख्या 373 है, को षड्यंत्र के तहत अवैध रूप से बेच दिया गया है।

वादी के अनुसार, उक्त जमीन में छह अंशदार हैं और अब तक किसी प्रकार का बंटवारा या बंटनामा नहीं हुआ है। इसके बावजूद मुन्नी देवी, इंद्रजित भगत, अनंत लाल भगत (देवीनगर निवासी) ने मिलकर दो कठ्ठा चार धूर और एक कठ्ठा दो धूर जमीन नसीरूद्दीन खान (मकदमपुर) तथा मो. रिजवान (सीलमपुर) को बेच दी।
मामले में पूजा देवी (देवीनगर निवासी) पर भी षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है, क्योंकि उन्हें पूरी जानकारी होने के बावजूद गवाह बनाया गया। वादी को इस फर्जीवाड़े की जानकारी तब हुई, जब खरीदार पक्ष अपने सहयोगियों के साथ जमीन पर पहुंचकर मकान निर्माण शुरू कर दिया।
वादी के आवेदन के आधार पर महेशपुर थाने में थाना कांड संख्या 151/2026, दिनांक 01 सितंबर 2026 के तहत सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
![]()




