दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट,फायरिंग कर लाखों के आभूषण लेकर फरार
अमड़ापाड़ा बाजार में तीन हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम,CCTV में कैद पूरी घटना


पाकुड़ के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में बुधवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई। तीन हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में घुसते ही फायरिंग कर दहशत फैला दी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान दुकान में मौजूद आकाश वर्मा को निशाना बनाकर बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी पल्सर बाइक से रेनकोट और हेलमेट पहनकर पहुंचे थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रही।
फायरिंग के बाद बदमाशों ने दुकान से कीमती जेवरात समेटे और बाहर निकलते वक्त फिर गोली चलाकर इलाके में दहशत फैलाई। घटना के समय हो रही मूसलाधार बारिश का फायदा उठाकर तीनों अपराधी बासमती गांव की ओर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जिलेभर में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
![]()




