एकल अभियान की आचार्य बहनों ने पुलिस जवानों को बांधी राखी,बहनों की सुरक्षा का लिया संकल्प
रक्षाबंधन पर एकल अभियान की आचार्य बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र, थाना प्रभारी समेत जवानों ने महिलाओं की सुरक्षा का लिया संकल्प

घाघरा संवाददाता। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एकल अभियान विद्यालय, घाघरा एवं आदर की आचार्य बहनों ने घाघरा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह सहित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को राखी बांधी। इस दौरान बहनों ने पुलिसकर्मियों के माथे पर तिलक लगाकर उनके हाथों में रक्षा सूत्र बांधा तथा उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
आचार्य बहनों ने कहा कि पुलिस जवान दिन-रात समाज और लोगों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। त्योहारों के अवसर पर भी कई जवान अपने घर और बहनों के पास नहीं जा पाते हैं। ऐसे में उनकी कलाइयां सूनी न रहें, इसी भावना के साथ वे थाना पहुंचकर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को राखी बांध रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी समाज के सच्चे रक्षक हैं और उनकी सेवा एवं समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करना सभी का दायित्व है।

राखी बंधवाने के बाद थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह सहित उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने बहनों की सुरक्षा, सम्मान और हर परिस्थिति में सहयोग करने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस महिलाओं और बहनों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। किसी भी जरूरत के समय पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगी।
रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। यह पर्व रिश्तों की डोर को मजबूत करने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। घाघरा थाना में आचार्य बहनों द्वारा पुलिस जवानों को राखी बांधने का आयोजन पुलिस और समाज के बीच आत्मीयता एवं विश्वास की सुंदर मिसाल बनकर सामने आया।
मौके पर अवधेश यादव, कैलाश यादव, जितवाहन बड़ाइक, संयति कुमारी सहित कई लोग उपस्थित थे।
![]()






