टांगर सिकवार में वज्रपात से युवक की मौत, गुटवा गांव में दो मवेशी भी मरे
टांगर सिकवार में वज्रपात से युवक की मौत, गुटवा गांव में दो मवेशी भी झुलसे

घाघरा संवाददाता। घाघरा थाना क्षेत्र के टांगर सिकवार गांव में तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से करीब 30 वर्षीय युवक ललित उरांव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ललित उरांव बैल चराने के लिए खेत की ओर गया था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पेड़ की ओर जा रहा था, तभी अचानक वज्रपात हो गया और वह इसकी चपेट में आ गया। घटना में ललित गंभीर रूप से झुलस गया।
वज्रपात की घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में ललित को एंबुलेंस के माध्यम से घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, दूसरी घटना घाघरा क्षेत्र के गुटवा गांव में हुई। यहां गुडुवा मुंडा के दो मवेशी चरने के दौरान वज्रपात की चपेट में आ गए। दोनों मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने अंचल प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
![]()





