
लातेहार। बनवारी साहू महाविद्यालय में गुरुवार को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश छात्र-छात्राओं को दिखाया गया। युवाओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और जिले के खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अनुभव साझा किए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधाओं और बेहतर माहौल पर जोर दिया जा रहा है। खेल केवल पदक जीतने का जरिया नहीं, बल्कि युवाओं की क्षमता को पहचान देने और देश के विकास से जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों और जिलों में भी ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं, जो आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

उन्होंने युवाओं के विचारों को खेल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि खेलो इंडिया संवाद के जरिए युवा अपनी सोच और सुझाव सामने रख सकते हैं। युवाओं की भागीदारी से देश की खेल संस्कृति को और मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता, प्राचार्य नरेश पांडेय, मेरा युवा भारत की उप निदेशक कंचन कुमारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद सहित महाविद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद जिले के खिलाड़ियों के साथ युवाओं की बातचीत करायी गयी। पारा एथलेटिक्स खिलाड़ी दुर्गा दत्त साहू और छोटू सिंह, राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट अनित उरांव तथा कबड्डी खिलाड़ी धनिता कुमारी, प्रियंका कुमारी और रूपा कुमारी ने अपनी खेल यात्रा के बारे में बताया।
खिलाड़ियों ने कहा कि खेल में सफलता के लिए लगातार अभ्यास, अनुशासन और धैर्य जरूरी है। उन्होंने अपनी शुरुआती कठिनाइयों से लेकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के अनुभव युवाओं के साथ साझा किए। खिलाड़ियों की बातें सुनकर विद्यार्थियों ने खेल से जुड़े कई सवाल भी पूछे।
मुख्य अतिथि पूनम देवी ने कहा कि युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी हैं। इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का हौसला मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में मेरा युवा भारत की उप निदेशक कंचन कुमारी ने युवाओं से मेरा युवा भारत पोर्टल पर आयोजित युवा भारत विकास प्रश्नोत्तरी 2027 में भाग लेने की अपील की।
![]()




