SIR-2026 को लेकर समीक्षा बैठक, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के दिए निर्देश


पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर गुरुवार को परिसदन सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, रांची के. रवि कुमार ने की।
बैठक में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गयी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
के. रवि कुमार ने विशेष रूप से कहा कि सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूची तैयार करने के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मतदाता सूची को निरंतर अद्यतन रखने और उसकी शुद्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
![]()




