पाकुड़ में डीएलएसए का जागरूकता अभियान, आदिवासी गांवों में घर-घर पहुंची विधिक जानकारी

पाकुड़ संवाददाता:
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), पाकुड़ के तत्वावधान में पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा सहित विभिन्न आदिवासी गांवों में व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी।
अभियान के तहत ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता और टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में विस्तार से बताया गया। स्वयंसेवकों ने महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्गों को कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों और संरक्षण की जानकारी दी।

साथ ही बाल विवाह, नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और आवाज उठाने की अपील की गई। डीएलएसए ने स्पष्ट किया कि किसी भी कानूनी समस्या में लोग सीधे प्राधिकार से संपर्क कर मुफ्त सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
![]()




