तेनुघाट में ‘इंडिया टेलर’ के नाम से प्रसिद्ध मो. हैदर अली का निधन, हृदय गति रुकने से हुई मौत


तेनुघाट (बोकारो): तेनुघाट पंचायत स्थित ई-टाइप कॉलोनी में रहने वाले ‘इंडिया टेलर’ के नाम से प्रसिद्ध मो. हैदर अली का शनिवार देर रात सोने के दौरान अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से तेनुघाट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव को दी। इसके बाद मुखिया ने समाजसेवी संतोष कुमार श्रीवास्तव उर्फ मुन्ना को सूचना दी। सूचना मिलते ही समाजसेवी श्री श्रीवास्तव ने स्थानीय थाना को मामले की जानकारी दी और ग्रामीणों के सहयोग से दिवंगत का शव उनके पैतृक गांव मगनपुर (गोला प्रखंड) भेजवाने की व्यवस्था कराई।
बताया जाता है कि मो. हैदर अली पिछले लगभग 30 वर्षों से तेनुघाट में रहकर सिलाई का कार्य कर रहे थे। वे ‘इंडिया टेलर’ के नाम से पूरे क्षेत्र में जाने जाते थे। अपने सरल, मिलनसार और सौम्य स्वभाव के कारण वे स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
अपने पीछे वे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
![]()




