स्नान घाट निर्माण का शिलान्यास,ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत


पेटरवार प्रखंड अंतर्गत चंदों पंचायत के गरी गांव में महावीर मांझी के तालाब पर स्नान घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार मुर्मू ने किया। यह निर्माण कार्य 15वें वित्त आयोग जिला परिषद मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अशोक कुमार मुर्मू ने शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह योजना क्षेत्र के विकास के लिए काफी महत्वपूर्ण है और इससे ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि स्नान घाट निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। घाट के अभाव में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, विशेष रूप से महिलाओं को अधिक परेशानी होती थी।
मुर्मू ने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर चंद्रिका यादव, आशीष कुमार नायक सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()




