आरोही रानी की प्रथम पुण्यतिथि पर अनाथ बच्चों को कराया गया भोजन

तेनुघाट | संवाददाता

तेनुघाट पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव एवं समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव की इकलौती पुत्री स्वर्गीय आरोही रानी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर गोमिया स्थित महेर संस्थान में अनाथ बच्चों के बीच भोजन का वितरण किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने बच्ची की स्मृति में सेवा कार्य करते हुए उसे श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि 29 मई 2025 को रांची स्थित आर्किड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान आरोही रानी का निधन हो गया था। वह पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया की छात्रा थी।

विद्यालय की ओर से एनसीसी प्रशिक्षण के लिए छात्रों को हजारीबाग के सिल्वर ट्रेनिंग सेंटर भेजा गया था, जहां प्रशिक्षण के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया, जहां छह दिनों तक इलाज चलने के बाद उसकी मृत्यु हो गई।इस घटना को लेकर पिट्स मॉडर्न स्कूल के प्राचार्य सहित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया था। छात्रा के पिता संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त मामला वर्तमान में तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में विचाराधीन है।
![]()




