सड़क हादसे में दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल, रांची रिम्स रेफर


लातेहार: सदर थाना क्षेत्र के सरयू मार्ग स्थित तरवाडीह पेट्रोल पंप के पास सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तकरीबन दोपहर 2:30 बजे हुआ जब एक अज्ञात ट्रक ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में घायल शिक्षकों की पहचान सुभाष राणा (निवासी बगोदर) और अनिकेत शरण के रूप में हुई है। दोनों शिक्षक सरकारी विद्यालय से जुड़े हैं और किसी सरकारी कार्य से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई ने बताया कि तीन सदस्यीय एक जांच टीम गारू स्थित एकलव्य मॉडल विद्यालय में निरीक्षण के लिए गयी थी। लौटते समय जब वे तरवाडीह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों शिक्षक सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने स्थिति को देखते हुए तत्काल 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज हेतु रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया।
![]()




