पाकुड़ संवाददाता | पाकुड़:
झारखंड में “शेर ए साइमन” के नाम से प्रसिद्ध साइमन मरांडी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नेताओं ने उनके आदमकद प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
साइमन मरांडी झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और आदिवासी अधिकारों के प्रबल समर्थक माने जाते थे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1947 को साहिबगंज जिले के डुमरिया गांव में हुआ था। छात्र जीवन से ही उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने वर्ष 1977 में लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने। अपने राजनीतिक जीवन में वे पांच बार विधायक और दो बार सांसद रहे। साथ ही, ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में उन्होंने झारखंड के विकास में अहम भूमिका निभाई।
उनकी सरलता, जनसरोकारों से जुड़ाव और संघर्षशील व्यक्तित्व के कारण लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “दादा” कहकर संबोधित करते थे। वे हमेशा आम जनता की समस्याओं को अपनी आवाज बनाते थे।
13 अप्रैल 2021 को कोलकाता के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके आदर्श और संघर्ष आज भी झारखंड की राजनीति में जीवंत हैं।
पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पुत्र दिनेश विलियम मरांडी (पूर्व विधायक) ने भी उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने साइमन मरांडी के बताए मार्ग पर चलने और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।