तेनुघाट/बेरमो : तेनुघाट अतिथि भवन में मुकेश मछुवा एवं वशिष्ठ नारायण सिंह के संयुक्त तत्वावधान में रामनवमी पूजा को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बेरमो अनुमंडल के सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, थाना एवं ओपी प्रभारी, पुलिस निरीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से निकलने वाले जुलूस, झांकी एवं अखाड़ों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अखाड़ा समिति के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के जुलूस का रूट चार्ट प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही डीजे संचालक भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के 255 स्थानों से रामनवमी के जुलूस निकाले जाएंगे, जहां विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या विवादित सूचना साझा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एसडीओ मुकेश मछुवा एवं एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने जानकारी दी कि 27 मार्च (शुक्रवार) को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सभी निर्धारित रूटों पर “नो एंट्री” लागू रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
अखाड़ा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया गया कि जुलूस निर्धारित समय और रूट चार्ट के अनुसार ही निकाला जाए तथा समिति के सदस्य स्वयं जुलूस में मौजूद रहें।
सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन को भी बैठक में पढ़कर सुनाया गया। डीजे पर ऑनलाइन गाने बजाने, अश्लील एवं भड़काऊ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया।