Latehar संवाददाता:
Latehar/नगड़ा में श्री रुद्र महायज्ञ पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत शिव मंदिर स्थित यज्ञ स्थल से विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस अवसर पर अनीता देवी एवं पूर्व विधायक बैजनाथ राम ने छोटी कन्याओं को कलश प्रदान कर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।
कलश यात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर महावीर मंदिर मार्ग होते हुए जर्री नदी तक पहुंची और पुनः यज्ञ स्थल वापस आकर सम्पन्न हुई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल देखने को मिला।
उपाध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश यात्रा आस्था, पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष एवं युवाओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।