लातेहार: जिला नियोजन कार्यालय, लातेहार द्वारा 17 मार्च 2026 को जिला खेल स्टेडियम परिसर में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, नियोजक प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
रोजगार मेले में विभिन्न राज्यों से आए 17 नियोजकों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से कुल 1879 रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 70 युवक-युवतियों का चयन किया गया, जबकि 25 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने अभ्यर्थियों को जिला नियोजनालय द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपना नाम जिला नियोजनालय में पंजीकृत कराएं, ताकि उन्हें रोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला नियोजनालय द्वारा समय-समय पर रोजगार मेला और भर्ती कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से हर वर्ष हजारों युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत संचालित आवासीय एवं गैर-आवासीय कौशल प्रशिक्षण केंद्रों के लिए भी युवाओं को जागरूक किया गया और पंजीकरण फॉर्म भरवाए गए।
रोजगार मेले में जिला नियोजन कार्यालय के अन्य कर्मी सुभाष कुमार, प्रवीण तिर्की, लक्ष्मी कांत तिवारी एवं धीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।