पलामू :- पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में बुधवार को जिला योजना अनाबद्ध निधि अंतर्गत वर्ष 2025-26 को लेकर बैठक आयोजित की गयी।समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में डीसी ने सभी विभागों के पदाधिकारियों से पूर्व में स्वीकृत योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली एवं वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्राप्त आवंटन के विरुद्ध विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत नई योजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गयी।
आगामी गर्मी के मद्देनजर खराब चापाकलों को मरम्मत कराने के निर्देश
बैठक में आगामी गर्मी के मद्देनजर डीसी ने पेयजल विभाग के सहायक अभियंता को खराब चापाकलों की सूची जिला योजना कार्यालय को उपलब्ध कराने को लेकर निर्देशित किया।बैठक में ऐसे खराब पड़े चापाकलों को अनबद्ध निधि के फंड से मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया।
एनएच पर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में बाउंड्रीवाल निर्माण का निर्णय
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को एनएच पर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का सूची सौंपने को कहा गया ताकि ऐसे सभी केंद्रों पर अनबद्ध निधि के जरिये बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा सके।इसी क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा 322 केंद्रों पर पेयजलापूर्ति की समस्या को रेखांकित किया गया।इन केंद्रों पर पर भी आवश्यकतानुसार पेयजलापूर्ति को दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया।इसी तरह जिला शिक्षा अधीक्षक को भी वैसे विद्यालयों जहां पेयजल की समस्या है,की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जपला के चिकटोली के जलमीनार का होगा जीर्णोद्धार
बैठक में शहरी जलापूर्ति योजना के तहत जपला के चिकटोली में बहुत दिनों से खराब पड़े जलमीनार का जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया गया।इसके अलावे बैठक में जिले के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता वाले विभागों जैसे कि जिला योजना अनाबद्ध निधि, शिक्षा, स्वास्थ्य,जलापूर्ति, सड़क, ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं पर विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर उपरोक्त के अलावे जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा,विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।