चतरा में बड़ा विमान हादसा सामने आया है। राँची से दिल्ली जा रहा रेड बर्ड एविएशन का विमान चतरा के जंगलों में क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि विमान ने राँची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन पलामू के बाद उसका संपर्क टूट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही चतरा पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घने जंगल में बचाव अभियान जारी रहा। मौके पर चतरा की डीसी कीर्ति श्री और एसपी सुमित अग्रवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और पूरी रात राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।
सुबह होते ही बड़ी संख्या में आसपास के इलाकों से लोग घटना स्थल पर पहुंचने लगे। हजारों की भीड़ जंगल में विमान हादसे की जगह पर जुट गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा न डालें।
बताया जा रहा है कि विमान में कुल सात लोग सवार थे। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।