पाकुड़।जिले में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के सौजन्य से सीएसआर के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ की छात्राओं के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी तथा डीबीएल के प्रतिनिधि संजीव सिंह, अजित सिंह एवं संभू दास उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्राओं को क्रिकेट किट, बैट, बॉल, पैड, ग्लव्स एवं अन्य आवश्यक खेल सामग्री प्रदान की गई। अधिकारियों ने कहा कि खेल सामग्री उपलब्ध कराने से छात्राओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ की छात्राएँ क्रिकेट में जिले का प्रतिनिधित्व कर रही हैं तथा वर्तमान में क्रिकेट कोच प्रमोद नंगालिया से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। आगामी सत्र में यहाँ की खिलाड़ी जिला टीम की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री अनीता पुरती ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना समग्र शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वहीं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री राहुल कुमार ने कहा कि महिला खिलाड़ियों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
डीबीएल के प्रतिनिधि ने कंपनी की ओर से छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सीएसआर के अंतर्गत खेल एवं शिक्षा से जुड़े ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।