पाकुड़: पाकुड़ में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। “स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है” की भावना को साकार करते हुए जिलेभर में योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने की पहल की गई है।
आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सुधार लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना है। शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों — पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा सहित अन्य 42 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लाभों की विस्तार से जानकारी दी। आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक संतुलन बेहतर होता है और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रतिदिन योग का अभ्यास करें और स्वस्थ समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।