लातेहार। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अंचल कार्यालय (सीओ) से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है और बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता।
श्री दास बुधवार को शहर के होटल कार्निवाल में भाजपा समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी महेश सिंह के समर्थन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने कमीशनखोरी की एक पूरी चेन बना रखी है और वसूली का तंत्र खड़ा कर दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार को भ्रष्ट और निकम्मी बताते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपहरण, हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। महिलाओं और व्यवसायियों में असुरक्षा का माहौल है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने हर साल पांच लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन यह केवल छलावा साबित हुआ। नगर निकाय चुनाव को उन्होंने सरकार को सबक सिखाने का अवसर बताया और 23 फरवरी को अधिक से अधिक मतदान कर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। साथ ही प्रत्येक वार्ड में टोली बनाकर डोर-टू-डोर प्रचार अभियान चलाने पर जोर दिया।
सम्मेलन में प्रत्याशी महेश सिंह ने अपने चुनावी वादों को दोहराते हुए कहा कि लातेहार मेसो क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां होल्डिंग टैक्स नहीं लगाया जाना चाहिए। उन्होंने नगर पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही कहा कि जब राज्य में डबल इंजन की सरकार थी, तब चहुंमुखी विकास हुआ था, लेकिन वर्तमान में विकास की गति रुक गई है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव ने भी महेश सिंह को विजयी बनाने की अपील की। मंच संचालन मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार पांडेय ने किया।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, पूर्व विधायक सह चुनाव प्रभारी किशुन दास, पूर्व जिला अध्यक्ष लाल कौशल नाथ शाहदेव, जिला उपाध्यक्ष सह चुनाव संयोजक राकेश कुमार दुबे, सरयू प्रसाद सिंह, असीम कुमार बाग, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, जय प्रकाश महलका, लोजपा प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद, लोजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, कल्याणी पांडेय, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामनी तिर्की, गजेंद्र प्रसाद शौंडिक, जिप सदस्य सरोज देवी, पूर्व जिप सदस्य शिल्पा, महिला जिला अध्यक्ष शीला देवी, रेखा देवी, किरण देवी, संगीता देवी, निशा आरपीडी, सुनैना देवी, रानी देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।