रांची। मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशानुसार वर्तमान में चल रही बच्चों की बोर्ड परीक्षा को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा रांची नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई। परीक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी रांची नगर क्षेत्र में सुबह 9:00 बजे के बजाय 8:00 बजे से ही लगा दी गई है, ताकि विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय से स्कूल या परीक्षा केंद्र पर छोड़ें तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक), स्थानीय थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।