मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का परम कर्तव्य : षेष नाथ सिंह
लातेहार:झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के तत्वावधान में रविवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री षेष नाथ सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। सभी ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री षेष नाथ सिंह ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ लोकतंत्र की नींव तभी मजबूत होती है, जब प्रत्येक नागरिक बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक और प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम दिनेश कुमार मिश्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय सुनील दत्ता द्विवेदी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री विक्रम आनंद, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी जीव, सीनियर सिविल जज तृतीय-सह-न्यायिक दंडाधिकारी मीनाक्षी मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चैरसिया, प्रधान न्यायिक दंडाधिकारी जेजेबी-सह-प्रभारी न्यायाधीश उत्कर्ष जैन, बार एसोसिएशन लातेहार के सचिव संजय कुमार सहित न्यायालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।