पाकुड। जिला प्रशासन, पाकुड़ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियाँ पूरे उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ जारी हैं। इसी क्रम में शनिवार को रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम, पाकुड़ में आयोजित परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन एवं डीएसपी श्री अजय आर्यन द्वारा किया गया।*
परेड पूर्वाभ्यास प्रथम परेड कमांडर मेजर श्री खुशीलाल महतो एवं द्वितीय परेड कमांडर सार्जेंट श्री जगन्नाथ सुंडी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 11 टोलियों ने भाग लिया। इन टोलियों में जिला पुलिस बल, गृह रक्षक, एनसीसी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राएँ शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झंडोत्तोलन किया तथा तिरंगे को सलामी दी। परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन, समन्वय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत आकर्षक एवं भव्य परेड का प्रदर्शन किया। अपर समाहर्ता ने परेड के प्रत्येक पहलू की समीक्षा करते हुए मुख्य समारोह को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने हेतु आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का आयोजन राष्ट्रीय गौरव, अनुशासन एवं उत्साह का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित श्रेष्ठ झांकियों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा, जो जिले के विकासात्मक कार्यों को प्रदर्शित करेगा।
*इस अवसर पर परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ पाकुड़, प्रशासक, नगर परिषद, पाकुड़ अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।