गोमिया।
प्रखंड के होसिर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत देवीपुर गांव में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले पांच दिवसीय प्रसिद्ध खेलायचंडी मेला का उद्घाटन गुरुवार को फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में बोकारो जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, भाजपा ओबीसी मोर्चा के केंद्रीय सदस्य देवनारायण प्रजापति, समाजसेवी शेखर प्रजापति, चितरंजन साव, बोकारो जिला कांग्रेस महासचिव राम किशुन रविदास, पंचायत समिति सदस्य गीता देवी, रंजीत साव, महावीर रविदास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन से पूर्व सभी अतिथियों ने देवीपुर स्थित मां खेलायचंडी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मेला के पहले दिन ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय मान्यता के अनुसार मां खेलायचंडी के दरबार में जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से मन्नत मांगते हैं, उनकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है। मन्नत पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में बकरे की बलि देकर पूजा-अर्चना की जाती है।
मेले के प्रथम दिन ही खरीदारी को लेकर लोगों की खासी भीड़ देखी गई। मेले में लोहा, लकड़ी और एल्यूमीनियम से बने विभिन्न घरेलू उपयोग के सामानों की दुकानें सजी हुई हैं। साथ ही मिठाई, चाट, चाउमीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए तारामाची झूला, नाव झूला समेत कई प्रकार के झूले लगाए गए हैं।
यह मेला क्षेत्र में कतारी (ईख) मेला के नाम से भी प्रसिद्ध है, जहां श्रद्धालु और आगंतुक कतारी खरीदना नहीं भूलते। दूर-दराज से आए लोग पूजा-अर्चना के साथ-साथ मेले का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष तिलेश्वर यादव, सचिव नारायण रविदास सहित रोहित साव, रंजीत साव, पच्चू लाल यादव, नंदू प्रजापति, योगेंद्र प्रसाद, तारमेश्वर प्रजापति एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।