बरहड़वा।प्रखंड मुख्यालय स्थित विधायक कक्ष में मंगलवार को विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पेयजल, मंईया सम्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जमीन म्यूटेशन, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र तथा आवास योजना से संबंधित शिकायतें रखीं।
विधायक प्रतिनिधि ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-3, हरिजनपाड़ा स्थित साइन महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ऋण पर लग रहे अधिक ब्याज को कम कराने की मांग रखी। महिलाओं ने बताया कि वर्ष 2017 में समूह की 10 महिलाओं ने मिलकर वरांचल ग्रामीण बैंक की झिकटिया शाखा से दो लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसमें से अब तक 76 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके बावजूद बैंक द्वारा समूह के सभी सदस्यों के खाते लॉक कर दिए गए।
बैंक से जानकारी लेने पर बताया गया कि ब्याज सहित कुल बकाया राशि बढ़कर तीन लाख 51 हजार रुपये हो गई है, जिसके भुगतान पर ही खाते अनलॉक किए जाएंगे। महिलाओं ने कहा कि इतनी बड़ी राशि एकमुश्त भुगतान करना संभव नहीं है, इसलिए ब्याज में राहत दी जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने संबंधित बैंक प्रबंधक से वार्ता की। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने ब्याज सहित कुल बकाया राशि एक लाख 76 हजार रुपये निर्धारित करते हुए तीन माह के भीतर भुगतान करने पर खातों को अनलॉक करने पर सहमति जताई।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, अब्दुल करीम, छोटेलाल रमानी, मो. आफताब सहित अन्य लोग उपस्थित थे।