बरहरवा डीएफओ प्रबल गर्ग ने सोमवार को उधवा पक्षी आश्रयणी झील का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में मौजूद वन कर्मियों से विस्तृत जानकारी ली और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएफओ ने बताया कि इस वर्ष उधवा पक्षी आश्रयणी झील में साइबेरियन एवं विभिन्न विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू हो चुका है।
जिससे क्षेत्र की सुंदरता और पर्यटक आकर्षण में वृद्धि हुई है। दूर-दूर से आने वाले प्रवासी पक्षी झील के पारिस्थितिकी तंत्र को समृद्ध करते है और स्थानीय लोगों के लिए प्रकृति पर्यटन का नया अवसर प्रस्तुत करते है। साथ ही उन्होंने कहा कि झील के अंदर या उसके आसपास किसी भी तरह के पक्षी शिकार सख्त वर्जित है। उन्होंने टीम को गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
कहा कि झील में पर्यटक शिकारा बोट का भरपूर आनंद ले रहे है। शांत झील,प्रवासी पक्षियों की चहक और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों व पर्यटकों से अपील कि है कि वे क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।मौके पर वनरक्षी पप्पू यादव,राजेश टुडू,सनी रजक आदि थे।