बरहरवा से संवाद,
बरहरवा। बरहरवा–दिग्घी मुख्य पथ पर चौधरी पेट्रोल पंप के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े तेल टैंकर से टकरा गई, जिसमें बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बाइक चालक सड़क के दाहिनी ओर पड़े चिप्स-डस्ट और बाईं ओर कई दिनों से खड़े डीजल टैंकर (जेएच 17 ई 6491) के बीच से गुजर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे वाहन की तेज रोशनी उसकी आंखों पर पड़ गई, जिससे उसने नियंत्रण खो दिया और पीछे से टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े युवक को बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रांगा थाना क्षेत्र के सालठी निवासी 35 वर्षीय सनातन स्वर्णकार के रूप में हुई है। वह सालठी स्थित एक क्रेशर में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था और अपने दोनों बच्चों की शिक्षा के लिए बरहरवा पेट्रोल पंप के पास किराए के मकान में रहता था।
परिजनों के अनुसार मृतक के 12 वर्षीय प्रिंस कुमार और 14 वर्षीय राहुल कुमार होली फैमिली स्कूल में पढ़ते हैं। बेहतर भविष्य की चाह में वह यहां नौकरी कर रहा था, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो उठे।
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे बरहरवा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु राजमहल भेज दिया।