बरहरवा। राधानगर थाना क्षेत्र के मध्य पियारपुर स्थित इमाज टोला में बुधवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो राजमिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार इमाज टोला निवासी मनारूल शेख के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। घर के ऊपर ही हाईटेंशन लाइन गुजरने के कारण काम कर रहे राजमिस्त्रियों को अचानक करंट की चपेट में आना पड़ा। हादसे में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी राकिब शेख (40) एवं राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण निवासी मोफाजुल शेख (55) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों का उपचार जारी था। ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन तार घर के बेहद करीब होने से इस प्रकार की घटना कभी भी हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा मानकों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।