संवाददाता अनुज तिवारी,
पलामू।माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित पलामू परिभ्रमण को लेकर बुधवार को उपायुक्त समीरा एस और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने नीलाम्बर-पीतांबरपुर में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और अन्य तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए उन्हें पूरी ईमानदारी और तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “आपकी योजना—आपकी सरकार—आपके द्वार” कार्यक्रम को सफल बनाने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के दिन कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी उप विकास आयुक्त के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संबंधित सूची उपलब्ध कराएं।
इस मौके पर सभागार में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता समेत अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी बीडीओ और सीओ वर्चुअल मोड से बैठक में जुड़े रहे।