बरहरवा।तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग कार्यालय की बिजली आपूर्ति बुधवार की सुबह करीब ढाई घंटे तक बाधित रही, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। टिकट वितरण मशीनें बंद होने से यात्रियों को बिना टिकट ही यात्रा करनी पड़ी। यह स्थिति सुबह लगभग 5 बजे से 7:30 बजे तक बनी रही।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह अचानक टिकट बुकिंग कार्यालय की बिजली आपूर्ति ठप हो जाने के कारण टिकट निकालने वाली सभी मशीनें काम करना बंद कर दीं। इससे कार्यालय पूरी तरह से निष्क्रिय हो गया और टिकट खरीदने आए यात्रियों की लंबी कतार लग गई। साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू, साहिबगंज–हावड़ा इंटरसिटी, रांची–भागलपुर बनांचल एक्सप्रेस और मालदा–किउल इंटरसिटी जैसी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को बिना टिकट ही ट्रेन में सवार होना पड़ा।
इस दौरान यात्रियों में काफी नाराजगी देखी गई। यात्री मो. सज्जाद, अभय कुमार, लकी अंसारी और मनोज कुमार ने बताया कि वे सभी पाकुड़ जाने के लिए टिकट लेने टिकट खिड़की पर खड़े थे। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद मशीन चालू नहीं हो सकी, और जब ट्रेन आने लगी तो मजबूरन उन्हें बिना टिकट ही ट्रेन में सवार होना पड़ा। यात्रियों ने कहा कि अब अगर जांच के दौरान पकड़े जाते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त जुर्माना भरना पड़ेगा, जबकि गलती रेलवे प्रशासन की है।
वहीं, टिकट बुकिंग कार्यालय के सीएस रविन्द्र कुमार ने बताया कि सुबह पांच बजे अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, जिससे सभी मशीनें ठप हो गईं। उन्होंने बताया कि इसकी तत्काल सूचना वरीय रेलवे अधिकारियों को दी गई। इसके बाद साहिबगंज से तकनीकी टीम तीनपहाड़ पहुंची और करीब साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति को दुरुस्त किया गया।
सीएस ने बताया कि बिजली खराबी के कारण करीब ढाई घंटे तक टिकट जारी नहीं किया जा सका, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो, इसके लिए अतिरिक्त पावर बैकअप की व्यवस्था करने की अनुशंसा की जाएगी।