बरहड़वा। वन प्रमंडल कार्यालय की ओर से शनिवार को बरहरवा नागेश्वरी देवी स्मारक कन्या उच्च विद्यालय परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बरसात के दौरान लगाए गए कुछ फलदार एवं छायादार पौधों के सूख जाने के बाद उनकी जगह नए पौधे लगाए गए।कार्यक्रम में मालदा रेल हॉस्पिटल की सीएमएस डॉ. अनूपा घोष, नगर के पूर्व अध्यक्ष श्यामल दास, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवजीत कुशवाहा, प्रधानाचार्य राजीव रोशन सिंह और शिक्षक अमित कुमार मौजूद रहे।
इस अवसर पर मजदूरों की मदद से पौधों के आसपास की घास-फूस की सफाई भी की गई। डॉ. अनूपा घोष ने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह छात्रों को प्रकृति से जोड़ने और उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाने का भी एक माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पेड़ वायु प्रदूषण कम करने, ऑक्सीजन उपलब्ध कराने और जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने में मददगार होते हैं। वक्ताओं ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण को छात्रों के लिए स्वस्थ, हरित और सुंदर वातावरण सुनिश्चित करने वाला कदम बताते हुए लोगों से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की।