सतबरवा/ प्रतिनिधि
पलामू। सतबरवा प्रखंड में यूरिया खाद को लेकर किसानों के बीच हाहाकार मचा हुआ है। खाद की अनुपलब्धता से किसान परेशान हैं और प्रखंड क्षेत्र के दस पंचायतों के किसानों में रोष व्याप्त है।
इस वर्ष अत्यधिक वर्षा के कारण किसान मक्का की खेती नहीं कर सके। किसी तरह धान का रोपण तो किया गया, लेकिन अब खाद की किल्लत से किसान चिंतित हैं। किसानों का आरोप है कि कुछ दुकानदार जानबूझकर खाद छुपा रहे हैं और फिर उसे मनमाने दामों पर बेचकर दोहन कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मामले में प्रखंड स्तर के अधिकारी और जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं। किसानों की समस्या को देखने वाला कोई नहीं है।
मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि जब इस मुद्दे पर प्रखंड अधिकारियों से बातचीत की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर सोमवार को पलामू उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में झारखंड सरकार से किसानों के लिए तुरंत खाद उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
यदि समय रहते किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।