लातेहार – रक्षाबंधन की खुशियां अमझरिया घाटी में मातम में बदल गईं, जब रविवार को सिसकारियां मोड़ पर एक टाटा टियागो (UP-6F-A 8423) अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। भीषण टक्कर में बोकारो स्टील सिटी निवासी शिखा कुमारी (22) और उनकी मां आशा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई आशीष कुमार और प्रेम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, परिवार अपनी बड़ी बहन के घर राखी मनाकर लौट रहा था। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर हालत गंभीर होने पर रिम्स रांची रेफर किया गया।
सूचना पाकर अमझरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्थानीय नेता इश्तियाक खान ने राहत कार्य में सहयोग किया।
इसी दिन जिले के जंगलदगा NH 39 में एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खेत में पलट गई, हालांकि उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए और केवल हल्की चोटें आईं।