अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा: जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिनेश कुमार यादव के नाम और फोटो का उपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है। इस फर्जी अकाउंट से ‘मईंयां सम्मान योजना’ के नाम पर आम नागरिकों को कॉल कर उनकी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स और अन्य गोपनीय सूचनाएं मांगी जा रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त या जिला प्रशासन की ओर से किसी भी सरकारी योजना के लिए व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाती। यह पूरा मामला साइबर ठगी का है।
इस संबंध में उपायुक्त ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल या संदिग्ध मैसेज का उत्तर न दें, और किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि ऐसा कोई संदेश या कॉल प्राप्त हो तो इसकी तुरंत सूचना नजदीकी थाना या गढ़वा साइबर सेल को दें।
जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से सावधान और सतर्क रहने का आग्रह किया है।