
अनूप कुमार गुप्ता,
कांडी (गढ़वा): भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के कांडी प्रखंड के हरिहरपुर पंचायत में झामुमो पार्टी के अंदरूनी विवाद ने तूल पकड़ लिया है। हाल ही में हरिहरपुर पंचायत कमिटी के अध्यक्ष विकास कुमार सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया, जिससे क्षेत्रीय राजनीति गरमा गई है। इस्तीफे के बाद पार्टी के एक गुट ने विकास सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
इसी संदर्भ में शनिवार को मझिगांवा पंचायत के झामुमो अध्यक्ष रमेश रजवार ने सफाई देते हुए बताया कि विकास सिंह को पिछले वर्ष युवा मोर्चा गढ़वा के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह द्वारा विधिवत पंचायत अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत और ईमानदारी से काम किया है।
स्थानीय नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग पार्टी का नाम इस्तेमाल कर क्षेत्र में अवैध बालू खनन में संलिप्त हैं। मझिगांवा पंचायत सचिव शैलेंद्र विश्वकर्मा ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने इन गतिविधियों को गंभीरता से नहीं लिया, तो सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।
इस दौरान शैलेंद्र विश्वकर्मा, रमेश रजवार, देवनाथ रजवार, दीपू शर्मा, राहुल सिंह, अनिल कुमार साह, और मुनीप बैठा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।