लातेहार। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अपराह्न करीब 11 बजे पुलिस ने शहर से सटे होटवाग इलाके के पास एक कंटेनर को जब्त किया, जिसमें 37 गौवंशीय पशु लदे हुए थे। इनमें 36 बैल और एक गाय शामिल है।
यह कार्रवाई लातेहार पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना के अनुसार, अवैध रूप से मवेशियों की ढुलाई की जा रही थी। जांच के दौरान पहाड़ी ढाबा के पास एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया।
जब पुलिस ने कंटेनर की जांच की, तो उसमेंぎ गौवंशीय पशु मिले। लातेहार पुलिस ने चालक से इन पशुओं से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। इसके बाद पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया और वाहन चालक विनय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन उत्तर प्रदेश की है और वह पलामू के सतरबवा से मवेशियों को लादकर रांची ले जा रहा था। पुलिस को संदेह है कि यह मामला गौ तस्करी से जुड़ा है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जब्त किए गए सभी मवेशियों को कंटेनर से उतारकर पास के खेतों में चरने के लिए छोड़ दिया गया है।