झारखंड में इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 14 जनवरी से 16 जनवरी तक राज्य में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा पड़ने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है, जिससे लोगों को अधिक ठंड का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, 14 जनवरी के बाद तापमान में कुछ इजाफे की संभावना है, लेकिन ठंड का प्रकोप फिलहाल जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 से 16 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा और शीतलहर की स्थिति बन सकती है, खासकर रात और सुबह के समय। इस मौसम के प्रभाव से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकते हैं।
राज्य के निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावा उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में हल्के दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। साथ ही इन जिलों में आंशिक बादल भी छाए रहेंगे।
वहीं, जनवरी के अंत तक मौसम में हल्का बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। फरवरी महीने में भी ठंड में कमी आने की संभावना है, जिससे लोग ठंड से राहत महसूस कर सकते हैं। इस बीच, राज्य के लोग मौसम के अनुसार एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।