रांची:- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आसन्न विधानसभा चुनाव में पूरा दमखम दिखाएगी। रविवार को अटल वेंडर मार्केट स्थित बैंक्वेट हाल में संपन्न पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने यह घोषणा की।
राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पीके पांडे ने सम्मेलन की अध्यक्षता और रांची जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने संचालन किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा, एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेंद्र कुमार, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, राज्य सचिव महेंद्र पाठक, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य कन्हाई मल पहाड़िया समेत अन्य नेता उपस्थित थे।
भाकपा सभी जिलों में विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। लोकसभा के चुनाव में तालमेल में कमी के कारण दोबारा मोदी सत्ता में आ गए, लेकिन उनका 400 का दावा खोखला साबित हुआ।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि राज्य की जनता आंदोलित है। खनिज संपदाओं पर कारपोरेट घराने की नजर है।
सम्मेलन में लोक सहकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भंते कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हुए।