पाकुड़:- जिले के उ म विद्यालय पोखरिया, उ प्रा विद्यालय भूरकुंडा, उ म विद्यालय राजीपुर सहित जिले के सभी सरकारी स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के आदेशानुसार सीटी बजाओ स्कूल बुलाओ अभियान गुरुवार को सम्पन्न हुआ।इस अभियान के लिए हर एक गांव में प्रत्येक बच्चे को एक सीटी दी गई और उसे 20 से 25 बच्चों को स्कूल लाने का काम सौंपा गया।प्रत्येक गांव में एक नामित मॉनिटर के नेतृत्व में स्कूल ड्रेस पहने छात्र पहुंचे और सीटियां बजायी।यह माता-पिता के लिए एक संकेत भी है कि स्कूल खुला है और उन्हें अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित करना है।यह सीटी ग्रामीण क्षेत्रों में एक अलार्म का काम करती है,जो माता-पिता और बच्चों को स्कूल के लिए तैयार होने के लिए प्रेरित करती है।जिन बच्चों को सीटी बजाने की जिम्मेदारी दी जाती है ,उनमें मजबूत प्रबंधन और नेतृत्व कौशल भी विकसित होता है।इस अभियान के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा ड्रॉप आउट बच्चों को स्कूल वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।अभियान के दौरान मिथिलेश कुमार सिन्हा, रितेश रंजन, अंजली कुमारी, शोभा कुमारी, मो मुबारक अंसारी, मदन कुमार महतो, मो इम्तियाज अहमद मौजूद रहे।