Sahibganj News
श्रुति मिश्रा के बैग का सुराग नहीं, बरामदगी को लेकर दोनों आरोपित एक-दूसरे पर डाल रहे ठीकरा; पुलिस के सामने सामान खोजने की बड़ी चुनौती
सोनू कुमार की रिपोर्ट,
साहिबगंज:-साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों को निशाना बनाकर की गयी चोरी और लूट की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दस दिनों तक लगातार दबिश और घेराबंदी के बाद फरार चल रहे आरोपित छोटू अंसारी ने आखिरकार जीआरपी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। 9 और 10 नवंबर को हुई घटनाओं के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने साहिबगंज से लेकर बिहार के दानापुर और आरा तक छापेमारी की, लेकिन पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच आरोपित ने सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सामान किसके पास? अखिलेश और छोटू के दावों ने उलझाई जांच
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा पेच एनआरआई महिला रेल यात्री श्रुति मिश्रा के बैग और उसमें रखे कीमती सामान को लेकर फंसा है। पुलिस पूछताछ में पहले गिरफ्तार अखिलेश भगत ने बैग और सामान छोटू अंसारी के पास होने की बात कही थी। वहीं, आत्मसमर्पण के बाद छोटू ने इसका उलट दावा करते हुए सामान अखिलेश के पास होने की बात कही है। यानी दोनों आरोपित सामान की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं। बयानों में इस विरोधाभास ने पुलिस की जांच को और पेचीदा बना दिया है। अब पुलिस दोनों के दावों का सत्यापन कर बैग का वास्तविक ठिकाना तलाशने में जुटी है।
तीसरा आरोपित फरार, तीनों को आमने-सामने बैठाने की तैयारी
रेल लूटकांड का तीसरा आरोपित अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तीसरे आरोपित के पकड़े जाने के बाद तीनों से आमने-सामने पूछताछ में कई अहम राज खुल सकते हैं। खासकर श्रुति मिश्रा के बैग, उसमें रखे पासपोर्ट, सोने के जेवरात और नकदी की बरामदगी को लेकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी का सामान कहां छिपाया गया और उसे ठिकाने लगाने में किसकी भूमिका रही।
जिनाकी के जेवर मिले, श्रुति के पासपोर्ट और गहनों का अब भी इंतजार
इस रेल लूटकांड में कोलकाता के ठाकुरपुकुर निवासी जिनाकी मुखर्जी के सोने के जेवर पुलिस बरामद कर चुकी है, लेकिन एनआरआई महिला श्रुति मिश्रा का बैग अब तक नहीं मिला है। बताया गया है कि बैग में पासपोर्ट, सोने के कीमती जेवरात और नकदी रखी थी। सामान की बरामदगी नहीं होने से महिला की परेशानी बनी हुई है। वह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अपनी पीड़ा जाहिर कर रही हैं और पुलिस से सामान वापस दिलाने की मांग कर रही हैं। आरोपित के आत्मसमर्पण के बाद अब उम्मीद है कि बैग बरामदगी की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को मदद मिलेगी।
अखिलेश की गिरफ्तारी में मिले थे सोने के जेवर और नकदी
गौरतलब है कि आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने पहले अखिलेश भगत को गिरफ्तार किया था। उसके पास से सोने की दो अंगूठियां, एक जोड़ी सोने की रिंग और नकदी बरामद की गयी थी। बरामद जेवर जिनाकी मुखर्जी के बताए गए थे। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर अखिलेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गयी थी। अब छोटू अंसारी के आत्मसमर्पण से जांच को नया सिरा मिला है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि श्रुति मिश्रा का बैग आखिर कहां है?
तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी : थाना प्रभारी
जीआरपी थाना प्रभारी सत्यदेव राम ने बताया कि छोटू अंसारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
![]()