साहिबगंज में अवैध खनन पर सख्ती, ड्रोन से होगी खदानों की निगरानी
साहिबगंज में अवैध खनन करने वालों की खैर नहीं, ड्रोन से होगी निगरानी
निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
साहिबगंज : जिले में अवैध खनन और खनिजों के काले कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई का शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। अब हर सप्ताह कम से कम दो खनन क्षेत्रों की प्रशासनिक मापी होगी। खदानों से लेकर बालू घाटों तक ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जायेगी। वहीं, चेकनाकों पर औचक जांच कर खनिज लदे वाहनों के कागजात और चालानों की पड़ताल की जायेगी। निर्धारित सीमा से अधिक खनन, अवैध भंडारण और गैरकानूनी परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
बुधवार को समाहरणालय सभागार में डीसी सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की विस्तृत रणनीति तय की गयी। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग भी मौजूद थे। डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
हर सप्ताह दो खनन क्षेत्रों की होगी मापी
खनन क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक उत्खनन की शिकायतों और संभावित अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए डीसी ने जिला खनन पदाधिकारी को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो खनन क्षेत्रों की प्रशासनिक मापी कराने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी चेकनाकों का नियमित निरीक्षण और औचक जांच करने को कहा। जांच में पंजियों, सीसीटीवी कैमरों, दंडाधिकारियों की तैनाती, वाहनों की संख्या, खनिजों के प्रकार और परिवहन चालानों का सत्यापन किया जायेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
ड्रोन से खदानों की निगरानी, चेकनाकों पर सीसीटीवी की नजर
अवैध खनन पर निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन अब ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करेगा। डीसी ने दोनों अनुमंडलों के एसडीओ को अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक ड्रोन और ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ड्रोन के जरिये खनन क्षेत्रों का निरीक्षण कर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करायी जायेगी। वहीं, सभी चेकनाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मरम्मत कर उन्हें हमेशा चालू रखने को कहा गया है।
बालू घाटों पर नियमित छापेमारी, अवैध परिवहन करने वालों पर कार्रवाई
बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन को लेकर भी प्रशासन सख्त रहेगा। डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों को बालू घाटों का नियमित निरीक्षण करने तथा अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। नियमों का उल्लंघन कर बालू का उठाव और परिवहन करने वाले वाहन मालिकों तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
अवैध क्रशर और मिट्टी कटाव पर भी कार्रवाई के निर्देश
बैठक में अवैध क्रशर, चिमनी संचालन और मिट्टी कटाव के मामलों की भी समीक्षा की गयी। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित जांच कर कार्रवाई का प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया। अवैध खनन पट्टा क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक उत्खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया गया। मिट्टी कटाव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और मामला सामने आते ही कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
पुलिस और प्रशासन के संयुक्त अभियान से होगी निगरानी
डीसी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सभी संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण और कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, सभी प्रखंडों के अंचल अधिकारी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।
![]()