साहिबगंज जेल में चार बंदियों ने किया छठ व्रत, जेल परिसर में बना अस्थायी तालाबw
साहिबगंज मंडल कारा में चार बंदियों ने रखा छठ व्रत, जेल परिसर में बनाया गया अस्थायी तालाब

ब्यूरो संवाददाता केशव तिवारी की रिपोर्ट,
साहिबगंज। जेल की ऊंची दीवारें, लोहे की सलाखें और कैद की जिंदगी भी लोक आस्था के महापर्व छठ के प्रति श्रद्धा को नहीं रोक सकीं। साहिबगंज मंडल कारा में चार बंदियों ने पूरी निष्ठा और धार्मिक परंपराओं के अनुसार छठ व्रत किया। जेल परिसर में ही छठी मैया की आराधना और भगवान भास्कर की उपासना का दृश्य देखने को मिला। बंदियों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए जेल प्रशासन ने पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की।

नहाय-खाय से उदीयमान सूर्य को अर्घ्य तक निभाया कठिन व्रत
चारों बंदियों ने नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत की। इसके बाद खरना का प्रसाद तैयार कर परंपराओं का निर्वहन किया। रविवार की शाम जेल परिसर में बनाए गए अस्थायी तालाब में व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ का कठिन अनुष्ठान संपन्न हुआ।
जेल के भीतर बना तालाब,व्रतियों के लिए की गई विशेष व्यवस्था
छठ की पवित्रता और धार्मिक नियमों के पालन को लेकर जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। चारों व्रतियों को अन्य बंदियों से अलग रखा गया, ताकि वे शुद्धता और परंपराओं के अनुरूप पूजा कर सकें। अर्घ्य अर्पित करने के लिए जेल परिसर में छोटा तालाब भी तैयार कराया गया। प्रशासन ने व्रतियों को अनुष्ठान के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
हत्या और पॉक्सो एक्ट के मामलों में बंद हैं व्रती
जानकारी के अनुसार, व्रत रखने वाले चार बंदियों में एक रांची का निवासी है, जो हत्या के आरोप में मंडल कारा में बंद है। दो अन्य बंदी भी हत्या के आरोप में जेल में हैं, जबकि चौथा बंदी पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में विचाराधीन है। अपराध के आरोपों में जेल में बंद इन चारों बंदियों ने भी छठ महापर्व की परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया।
![]()




