झारखंड स्थापना दिवस पर पलामू में उत्साह के साथ निकला ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’
शाहपुर किला से कोयल रिवर फ्रंट तक डीसी-एसपी के नेतृत्व में दौड़े अधिकारी,स्कूली बच्चे एवं शहरवासी

शाहपुर ब्रिज पर आदिवासी नृत्य ने बांधा समां, बच्चों संग केक काटकर मनाया गया राज्य स्थापना दिवस
मेदिनीनगर (पलामू):-झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को पलामू में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, उमंग एवं उत्सवी माहौल में किया गया। स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली एवं विकसित झारखंड के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, स्कूली बच्चों, एथलीटों, बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में सामाजिक लोगों ने सहभागिता की।
प्रातः सात बजे शाहपुर किला के समीप सभी प्रतिभागी एकत्रित हुए। यहां जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत,पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता समेत विभिन्न पदाधिकारी पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत डीसी एवं एसपी ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की। इसके पश्चात शाहपुर किला परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

इसके बाद डीसी-एसपी के नेतृत्व में सभी प्रतिभागियों ने शाहपुर पुल एवं सदीक चौक होते हुए कोयल रिवर फ्रंट तक दौड़ लगाई। इस दौरान शाहपुर ब्रिज पर स्कूली बच्चियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक आदिवासी नृत्य राहगीरों एवं प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। पारंपरिक लोक संस्कृति की रंगीन प्रस्तुति ने ब्रिज पर उत्सव का माहौल बना दिया तथा झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत कर दिया।
कोयल रिवर फ्रंट पहुंचने पर डीसी एवं एसपी ने स्कूली बच्चों के साथ केक काटकर झारखंड का 26वां स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को केक खिलाकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता एवं राज्य के विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

पिछड़ेपन, अशिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से लड़ने का संकल्प लें :डीसी
इस अवसर पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि आज झारखंड राज्य के गठन के 26 वर्ष पूरे हो गए हैं। झारखंड राज्य के निर्माण के लिए हमारे पूर्वजों ने लंबा संघर्ष किया था। आज हमारे सामने लड़ाई न अंग्रेजों से है और न ही अलग राज्य के गठन के लिए, बल्कि आज की लड़ाई पिछड़ेपन, अशिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों एवं सामाजिक असमानताओं से है।
हमें इन चुनौतियों से लड़कर झारखंड को विकसित, शिक्षित, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाना है।उन्होंने कहा कि विकसित झारखंड का सपना केवल सरकार या प्रशासन के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहना, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर मौके पर मौजूद सभी लोगों ने कोयल रिवर फ्रंट को भविष्य में गंदगी से बचाए रखने को लेकर संकल्प लिया।
![]()




