
घाघरा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जहां प्रशासनिक स्तर पर घाटों की साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाओं की उम्मीद थी, वहीं प्रशासनिक उदासीनता के बीच शनिवार को घाघरा छठ पूजा समिति, छठ नगर घाघरा के सदस्यों ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया। समिति के सदस्यों ने छठ घाट की साफ-सफाई करते हुए पूरे परिसर में झाड़ू लगाई और जमा कचरे को हटाया। इसके साथ ही घाट तक जाने वाली सड़क की भी सफाई की गई, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रशासनिक व्यवस्था पर जताई नाराजगी
सफाई अभियान के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि छठ जैसे महत्वपूर्ण महापर्व को लेकर प्रखंड और जिला प्रशासन की ओर से साफ-सफाई एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए कोई विशेष पहल नहीं की गई है। घाट की व्यवस्था को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दी।

सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद समिति के सदस्यों को खुद सफाई का जिम्मा उठाना पड़ा।
समिति ने अपने स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर जनसहयोग और सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया। सदस्यों ने कहा कि सभी के सहयोग से ही छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।
![]()





