
कुंदरी आदिवासी जतरा मेले में पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल, धोती और साड़ी
लातेहार। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देशानुसार कुंदरी गांव में आयोजित पारंपरिक आदिवासी जतरा मेले के अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विशेष सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान लातेहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं के बीच कंबल, धोती, साड़ी सहित रोजमर्रा की जरूरत के अन्य सामानों का वितरण किया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सहायता पहुंचाने के साथ-साथ आम जनता और पुलिस के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं बेहतर संबंध स्थापित करना है। इस कार्यक्रम से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी देखी गई।

सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
![]()




