सहायक आचार्य नियुक्ति की काउंसिलिंग की तैयारी तेज, संशोधित परिणाम में चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
शिक्षा विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने सभी जिलों को जारी किया निर्देश, चयन की कोटि और जिला बदलने पर दोबारा होगा प्रमाणपत्रों का सत्यापन

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के संशोधित परिणाम जारी करने के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने भी काउंसिलिंग की तैयारी शुरू कर दी है।
यह काउंसिलिंग संशोधित परिणाम में पहली बार चयनित अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। साथ ही कुछ स्थिति में पूर्व के परिणाम एवं संशोधित परिणाम दोनों में चयनित अभ्यर्थियों की भी काउंसिलिंग होगी। विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह इसे लेकर सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।

जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि ऐसे अभ्यर्थी जिनका नाम पूर्व एवं संशोधित दोनों परिणाम में सम्मिलित है तथा जिनकी चयन की कोटि एवं आवंटित जिला नहीं बदला है, उनकी फिर से काउंसिलिंग की अनिवार्यता नहीं होगी।
हालांकि काउंसिलिंग की कार्यवाही पंजी में उनका नाम भी क्रमवार ही अंकित होगा। दूसरी तरफ, ऐसे अभ्यर्थी जिनका नाम पूर्व एवं संशोधित दोनों परिणाम में सम्मिलित है तथा जिनकी चयन की कोटि में परिर्वतन यानी अनारक्षित कोटि से आरक्षित कोटि में चयन हुआ है, उनका उनके कोटि से संबंधित वांछित प्रमाणपत्रों का फिर से सत्यापन किया जाएगा।
![]()





