नलहाटी में अवैध विस्फोटक कारोबार का खुलासा, 1600 जिलेटिन स्टिक बरामद; एक गिरफ्तार
वैधरा ब्रिज के पास पुलिस ने की घेराबंदी, दो मोटरसाइकिलें जब्त; पत्थर खदानों तक विस्फोटकों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क की तलाश तेज

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
नलहाटी:- बीरभूम जिले के नलहाटी में अवैध विस्फोटक कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,600 जिलेटिन स्टिक बरामद की हैं. गुरुवार रात गुप्त सूचना पर चलाये गये विशेष अभियान में विस्फोटकों की इस भारी खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटकों की बरामदगी ने इलाके में अवैध आपूर्ति नेटवर्क की सक्रियता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
गुप्त सूचना पर घेराबंदी, विस्फोटकों की खेप के साथ दबोचा गया युवक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात नलहाटी थाना प्रभारी अनूप कुमार घोष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरिदासपुर इलाके के वैधरा में विशेष अभियान चलाया. वैधरा ब्रिज के पास दो मोटरसाइकिलों से भारी मात्रा में विस्फोटक ले जाये जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की. इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोकने की कार्रवाई की गयी, जिसमें विस्फोटकों की बड़ी खेप बरामद हुई.

एक बाइक छोड़कर भागा, दूसरा पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों मोटरसाइकिलों की तलाशी लेने पर करीब 1,600 जिलेटिन स्टिक बरामद हुईं. पुलिस ने विस्फोटकों के साथ दोनों बाइक को जब्त कर लिया. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.
गिरफ्तार युवक को अदालत में पेश, सात दिनों की हिरासत की मांग
गिरफ्तार युवक की पहचान रोहित शेख (18) के रूप में हुई है. वह नलहाटी थाना क्षेत्र के हरिओका का निवासी बताया जा रहा है. शुक्रवार सुबह उसे रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विस्फोटकों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति से जुड़े तथ्यों का खुलासा करने के लिए अदालत से सात दिनों की पुलिस हिरासत मांगी है.
पत्थर खदानों तक पहुंचनी थी खेप? अवैध कारोबार की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि जिलेटिन स्टिक की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गयी थी और इसे किन पत्थर खदानों तक पहुंचाया जाना था. अवैध खनन में विस्फोटकों के इस्तेमाल की आशंका के बीच पुलिस आपूर्ति नेटवर्क, संभावित खरीदारों और कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है. फरार मोटरसाइकिल सवार की गिरफ्तारी के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जतायी जा रही है.
![]()





